प्रशासन की सक्षम कार्रवाई-

एक क्विंटल पॉलीथिन जब्त किया, आवारा पशु पकड़े, सड़क की गुणवता जानी
लाडनूं। स्थानीय प्रशासन ने सक्रिय होकर नगरपालिका, कृषि विभाग आदि को सबको विधि की सक्षम पालना के लिए जुटा दिया तथा एक ही दिन में विविध कार्रवाइयों को अंजाम दिया। प्रशासन ने आमजन और व्यापारी वर्ग को विधि और नियमों की पालना आवश्यक रूप से करने का संदेश दिया। आवारा पशुओं और पोलीथीन के प्रयोग एवं सड़क निर्माण आदि के लिए सक्षम कदम उठाए गए।
उपखंड अधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन पर अधिशाषी अधिकारी एवं तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर द्वारा नगरपालिका की टीम के साथ लाडनूं शहर में विभिन्न स्थानों पर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम 2021 के अनुपालना में प्रतिबंधित प्लास्टिक, कैरी बैग की जब्ती की गई तथा उल्लंघनकर्ताओं पर नियमानुसार शास्ति आरोपित की गई। इस दौरान सब्जीमंडी के ठेलों और कई दुकानों से एक क्विंटल के करीब प्रतिबंधित प्लास्टिक का सामान जब्त किया गया।
सड़कों की गुणवता जानी
अधिशाषी अधिकारी डॉ. सुरेंद्र भास्कर ने नगरपालिका द्वारा वार्ड नंबर 39 में संस्कार स्कूल के पास बनाई गई तीन सड़कों की जेईएन हुकमीचंद जाट के साथ गुणवत्ता जांच की गईं। इसके अलावा नगरपालिका में गठित की गई विशेष टीम ने महेंद्र जमादार के नेतृत्व में 6 कर्मचारियों के साथ निराश्रित पशुओं को पकड़ कर उन्हें गौशाला भिजवा कर आम जनता को राहत प्रदान की।







