सोशल मीडिया पर अपराधियों को फॉलो करने व उनके कृत्यों का महिमामंडन करने वालों पर पुलिस हुई सख्त, 39 के खिलाफ कार्रवाई व 91 से पूछताछ
लाडनूं में 13 व्यक्तियों से पूछताछ व 3 व्यक्तियों के विरूद्ध इंसदादी कार्रवाई

डीडवाना/ लाडनूं (kalamkala.in)। अपराधियों को सोशल मीडिया पर फॉलो करने व उनके कृत्यों का महिमा-मंडन करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को 39 व्यक्तियों के विरूद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 91 व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। इस अभियान में पुलिस द्वारा इससे पहले भी 80 व्यक्तियों के विरूद्ध की कार्रवाई की जा चुकी। इस कार्रवाई का उद्देश्य है कि ‘समाज में स्पष्ट संदेश देना है कि अपराध और अपराधियों का समर्थन किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं होगा।’
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण
सोशल मीडिया पर अपराधियों के कृत्यों का प्रचार-प्रसार एवं महिमामंडन करने वाले 38 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनमें सर्किल डीडवाना 20 व्यक्तियों से पूछताछ व 8 व्यक्तियों के विरूद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई। पुलिस सर्किल लाडनूं में 13 व्यक्तियों से पूछताछ व 3 व्यक्तियों के विरूद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई है। सर्किल कुचामन से 19 व्यक्तियों से पूछताछ व 14 व्यक्तियों के विरूद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई है। सर्किल मकराना 39 व्यक्तियों से पूछताछ व 14 व्यक्तियों के विरूद्व इंसदादी कार्रवाई की गई है।
सोशल मीडिया स्पेस को बनाया जाएगा ‘क्राइम-फ्री जोन’
जिला पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर निगरानी रख रही है। ऐसे अकाउंट्स या प्रोफाइल, जो अपराधियों का प्रचार करते हैं, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। सेल द्वारा साइबर इंटेलिजेंस टूल्स और मॉनिटरिंग सिस्टम की मदद से जिले के सोशल मीडिया स्पेस को ‘क्राइम-फ्री जोन’ बनाए रखने का प्रयास जारी है। जिला पुलिस द्वारा अपराधियों को सोशल मीडिया पर फॉलो करने, उनके कृत्यों का महिमा-मंडन करने और अपराधियों की छवि को आकर्षक रूप में प्रस्तुत करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया सेल द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते उन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके। पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स द्वारा गैंगस्टरों और अपराधियों के अकाउंट्स को फॉलो करने, उनके वीडियो व फोटो को साझा करने और उनकी गतिविधियों की प्रशंसा करने के मामले सामने आए थे। इससे समाज में गलत संदेश जा रहा था और कुछ युवा प्रभावित हो रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। कुचामन हत्याकांड के आरोपियों एवं अन्य गैंगस्टरों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करने और उनसे संपर्क रखने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर सभी से विस्तृत पूछताछ जारी है, और अपराधियों से गठजोड़ पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह पूरा अभियान एसपी ऋचा तोमर के निर्देशन में एवं एडिशनल एसपी हिमाशु शर्मा डीडवाना, नेमीचद खारिया कुचामन, जिनेन्द्र जैन परबतसर, वृताधिकारी धरम पूनिया डीडवाना, भवानी सिंह मकराना, विक्की नागपाल लाडनूं व अरविन्द विश्नोई कुचामन सिटी के सुपरविजन में संचालित किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक की अपील
अपराध पर मौन रहना भी अपराध है। जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर (आई.पी एस.) ने कहा है कि “सोशल मीडिया पर अपराधियों को फॉलो करना या उनके कृत्यों की प्रशंसा करना, अपराध को बढ़ावा देने जैसा है। समाज के हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है कि ऐसे रुझानों का विरोध करें और कानून का साथ दें। अपराधियों को ‘हीरो’ नहीं, ‘खतरा’ समझें। यदि आपके आस-पास या सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, क्योंकि अपराध पर मौन रहना भी अपराध है।”






