एसडीएम ने अधिकारियों की टामों से करवाया लाडनूं की सफाई व्यवस्था का मुआयना, गंदे क्षेत्रों में लगे सफाईकर्मियों पर कार्रवाई होगी, ईओ को किया शहर की सफाई के लिए पाबंद
एसडीएम ने अधिकारियों की टामों से करवाया लाडनूं की सफाई व्यवस्था का मुआयना,
गंदे क्षेत्रों में लगे सफाईकर्मियों पर कार्रवाई होगी, ईओ को किया शहर की सफाई के लिए पाबंद
लाडनूं (kalamkala.in)। शहर की बदतर बनी सफाई व्यवस्था को लेकर निरन्तर मिल रही शिकायतों को ध्यान में रख कर जिला कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार उपखंड अधिकारी सुप्रिया कालेर ने लाडनूं शहर की सफाई व आवारा पशुओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए उपखंड क्षेत्र के विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों की टीमों का गठन करके गुरूवार को शहर का औचक निरीक्षण करवाया है। एसडीएम सुप्रिया ने बताया कि गठित टीम द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिन वार्डों में व्यवस्थाएं सही नहीं पाई गई हैं, उनके लिए लगाए गए संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लाडनूं को निर्देश दिए हैं कि शहर की साफ-सफाई, आवारा पशु आदि समस्याओं का तुरंत समाधान करे। भविष्य में इस तरह की शिकायतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुरूवार को तहसीलदार डा. सुरेन्द्र भास्कर एवं अन्य विभिन्न अधिकारियों ने शहर के विभिन्न वार्डों की साफ-सफाई सम्बंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। सफाई व्यवस्था सम्बंधी निरीक्षण के लिए गठित इन टीमों में तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर तहसीलदार, विकास अधिकारी सांवरमल शर्मा, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी तौफीक अहमद, नायब तहसीलदार निम्बी जोधां मोहम्मद असलम, नायब तहसीलदार मीठड़ी मुश्ताक, सहायक अभियंता जयंत पारीक, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता गोविंदप्रसाद बेरा, विद्युत वितरण निगम के अधिशाषी अभियंता रामचंद्र, बीसीईओ रामचंद्र भाटी ने निरीक्षण किया।