‘तन दो करोड़ की फिरौती के लिए फोन करयो है। सोच-समझ लीजै’
लाडनूं के नियाज़ खां को मिला वीरेंद्र चारण की ओर से धमकी भरा मैसेज, पुलिस जांच में जुटी
लाडनूं (kalamkala.in)। कुचामन सिटी में रुलानिया हत्याकांड अभी ठंडा भी नहीं हुआ और लाडनूं में भी एक शख्स को वीरेंद्र चारण की ओर से दो करोड़ की वसूली की मांग और धमकी भरे कॉल व मैसेज आने लगे हैं। लाडनूं विधानसभा क्षेत्र से पिछला चुनाव बसपा प्रत्याशी के रूप में लड़ने वाले नियाज़ खां कायमखानी को कथित रूप से किसी वीरेंद्र चारण ने दो दिनों में चार बार व्हाट्सअप से वॉइस कॉल और चार बार मैसेज भेज कर 2 करोड़ की फिरौती मांगी है और अन्यथा नतीजा भुगतने की चेतावनी दी गई है। एक मैसेज में लिखा गया है, ‘अरे भाई हाथ मिलाकर चालणो चावै है या अपणी दुश्मनी चावै है। मेरा भाई कै चावे है? तन दो करोड़ की फिरौती के लिए फोन करयो है। सोच-समझ लीजै, नहीं तो इन-बिने शहरिया बास में कठै थारी दुकान खिंडेड़ी लाद, तू वापिस कॉल कर लेई, मेरा भाई। नहीं तो सोच लेई’।
यह रिपोर्ट व जानकारी दी गई है पुलिस को
इस मामले में पीड़ित व्यक्ति नियाज मोहम्मद खान पुत्र रावत खां कायमखानी, निवासी जावा बास लाडनूं ने लाडनूं पुलिस को दी है। इस रिपोर्ट में उन्होंने सारी स्थिति और धमकियों से पुलिस को अवगत करवाया है। नियाज़ खां ने इसमें लिखा है कि 23 अक्टूबर को वे अपनी रिश्तेदारी में शादी में ग्राम मंगलूणा गये हुए थे। वहां शाम को जब मगरीब की वह नमाज अदा कर रहा था, उस समय उसके व्हाटसएप पर नम्बर पर +64220651941 से एक मैसेज आया, जिसमें Hlo लिखा हुआ था। फिर तीन बार व्हाटसएप कॉल आये, जो समय 7:48 पी.एम, 7:49 पी.एम व 7:55 पी.एम पर आये व एक मैसेज आया जिसमें Virendar Charan लिखा हुआ था। वे नमाज में होने के कारण कॉल नहीं उठा पाये, फिर समय 7.56 पीएम पर एक वोईस मैसेज आया और धमकी दी कि ‘हॉ नियाज खां राम राम, विरेन्द्र चारण बोलूं, वोईस सुनकर कॉल करीयो’। नियाज खां ने उसको कोई जबाव नही दिया। फिर 24 अक्टूबर को जब वह दोपहर में जुमा की नमाज अदा कर रहा था, उस समय उन्ही नम्बरों से समय 1:02 पी.एम पर व्हाट्सएप कॉल आया, जो नमाज में होने से नही उठा पाया। फिर समय 1:07 पीएम पर वोईस मैसेज आया, जो 27 सैकण्ड का है। उसमें दूसरी ओर से धमकी दी कि ‘अरे नियाज, वोईस भी सुन ली हो’ली, वापस तेरो कोई जबाव कोनी आयो। अरे भाई हाथ मिलाकर चालनों चावे है या अपणे दुश्मनी चावै है। मेरा भाई कै चावे है? तन दो करोड़ की फिरौती के लिए फोन करयो है। सोच समझ लिजे, नहीं तो इन-बिने शहरिया बास में कठै थारी दुकान खिंडेड़ी लाद, तू वापिस कॉल कर लेई, मेरा भाई। नहीं तो सोच लेई’। यह मैसेज उसने नमाज के बाद सुना। इस धमकी की वजह से वह डर गया और घर से बाहर नहीं निकल पाया। इसलिए थोड़ा सामान्य होने पर एक दिन बाद यह रिपोर्ट करवाने आया है।
विदेशी कॉल होने की संभावना
इस मामले को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। वे इस धमकी के हर पहलु की जांच करेंगे। इस मामले में यह संभावना भी है कि कोई छुटभैया बदमाश वीरेंद्र चारण के नाम का प्रयोग कर धमकी दे सकता है। धमकी के लिए जिस नम्बर का प्रयोग किया गया है, वह विदेशी नम्बर लग रहा है। संभवतः वह न्यूजीलैंड के नम्बर हों। इससे प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि यह कॉल भारत से बाहर से की गई हो, लेकिन ऐसा भी संभव है कि इसके लिए किसी अन्य साधन का प्रयोग करते हुए मैसेज व कॉल किए गए हों। खैर पूरी जानकारी तो पुलिस अनुसंधान से ही मिल सकेगी।





