लाडनूं। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर की विभिन्न परीक्षाओं के लिए अब विद्यार्थियों और अभिभावकों को कहीं भी भटकने की जरूरत नहीं है। अब तक दूर-दराज के गांवों व अन्य जिलों से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए अन्यत्र जाते थे और उन्हें परेशानियां उठानी पड़ती थी, लेकिन अब निम्बी के इस कॉलेज में ही परीक्षा केंद्र हो जाने से उन्हें परीक्षा देने के लिए कहीं भी अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। निम्बी जोधां के नवीन विद्यापीठ कॉलेज में बना महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर का परीक्षा केंद्र खोले जाने की स्वीकृति दी गई है। नवीन विद्यापीठ कॉलेज के निदेशक डॉ. भगवान सिंह राठौड़ ने बताया कि नवीन विद्यापीठ कॉलेज को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर द्वारा सत्र 2021-22 से परीक्षा केंद्र बना दिया गया है। अब यहां परीक्षा केन्द्र बना दिए जाने से दूर-दराज के गांव व अन्य जिलों से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। उनको परेशानियों से निजात मिल सकेगी। निम्बी जोधां में ही परीक्षा केन्द्र खोले जाने पर नवीन विद्यापीठ को लोगों ने बधाइयां दी है।







