लाडनूं के छिपोलाई का कायाकल्प करने का संकल्प,
जल आवक की नहरों की होगी खुदाई, तालाब के 400 बीघा अगोर भूमि क्षेत्र से हटवाए जाएंगे अतिक्रमण, सीसी निर्मित होगा तालाब का पूरे जलभराव क्षेत्र का पैंदा
लाडनूं में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान कार्यक्रम आयोजित









लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा यहां छिपोलाई तालाब क्षेत्र में सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तालाब के भीतर पहुंच कर सभी अतिथियों ने पूजन करवाया। इसके बाद वहां स्थित हनुमान जी की बगीची से तालाब तक कलश यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने लाडनूं के पारम्परिक जलस्रोतों प्राचीन तालाबों व बावड़ी की सुध लेने और उनका सुधार करते हुए संरक्षण किए जाने की मांग उठाई।
सबसे पहले लेंगे छिपोलाई तालाब की सुध
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि लाडनूं में सभी जलस्रोतों का काम एक साथ नहीं छेड़ा जा सकता। सबसे पहले नगर पालिका द्वारा इसी छिपोलाई तालाब से काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छिपोलाई तालाब का जल संग्रहण के बाद पानी जमीन द्वारा सोख लिया जाने की समस्या के हल के लिए तालाब के पैंदा में कंक्रीट से पक्का करने पर भी काम किया जाएगा। पायतन से पानी की आवक बढ़ाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई जाकर नहरों की खुदाई कलवाई जाएगी, ताकि बरसात का पूरा पानी फिर से तालाब में आना शुरू हो जाए। साथ ही तालाब की कुव भूमि जो 400 बीघा से अधिक अगोर बताया जा रहा है, उससे अतिक्रमण हटाने का काम भी प्रशासन को साथ लेकर किया जाएगा। इन सभी कामों के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी गठन शीघ्र किया जाकर काम जल्दी ही शुरू करवा दिया जाएगा। ईओ चौधरी ने छिपोलाई तालाब क्षेत्र में मृत पशुओं को डाले जाना की समस्या को उठाया और मृत पशुओं को डालने का के लिए स्थान अलग से निर्धारित करने और उचित व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया।
सभी तालाबों और बावड़ी की दशा सुधारने की उठी मांग
इस वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष गौतमदत्त शास्त्री ने की। शास्त्री ने छिपोलाई तालाब की खुदाई, सफाई करवाने, जल संग्रहण के लिए तालाब के पैंदे में सीसी बिछाने और जल आवक की नहरों का काम शुरू करवाने पर बल दिया और कहा कि पालिका और प्रशासन इस तालाब के उद्धार के लिए जन सहयोग भी ले सकते हैं।नायब तहसीलदार प्रह्लाद राय ने जल संरक्षण अभियान को सार्थक बनाने की अपील की। भाजपा के जिला मंत्री नीतेश माथुर व नगर पालिका के लीगद एडवाइजर गोविन्द सिंह कसूम्बी ने लाडनूं के प्राचीन माजीसा तालाब, दुर्जनसर तालाब और छिपोलाई तालाबों और बस स्टेंड पर स्थित राव बावड़ी की दशा सुधारने की जरूरत बताई। सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण जोशी ने छिपोलाई तालाब की स्थिति सुधारने के लिए अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी दी। हनुमान मल जांगिड़, जगदीश प्रसाद पारीक व राकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सरकार द्वारा संचालित इस जल संरक्षण अभियान को जनता का अभियान बनाने और गंगा दशमी के अवसर पर सबसे संकल्प लेने का आह्वान किया।
इन सबकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान नोरतनमल रैगर, लूणकरण शर्मा आदि मंचस्थ रहे। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंजना शर्मा, दीपक जांगिड़, रेणु कोचर, मंजू रैगर, राधेश्याम सांखला, मदन गोपाल शर्मा, सुरेश खींची, मोहनसिंह चौहान, विष्णु शर्मा, ललित सोनी, महेन्द्र सेठी, महावीर गुर्जर, बलजी बिसायती, सुशील पीपलवा, सुरेश सोनी, अखिलेश पारीक, राजेन्द्र सिंह पंवार, गंगाराम रैगर व पत्नी, बाबूलाल प्रजापत, मोहनसिंह जोधा, हरजी सैनिक, राजकुमार चिंडालिया आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लक्की डिफेंस एकेडमी के शिवरतन सिंह के नेतृत्व में सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं पालिका कर्मियों ने अपनी विशेष सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन चारण ने किया।






