चोरियों के खिलाफ लाडनूं उपखंड कार्यालय के समक्ष ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन 15वें दिन भी जारी रहा, 24 सितम्बर से होगा आंदोलन उग्र,
चोरी की जांच एसओजी से करवाई जाने, पुलिस थाने का स्टाफ बदले जाने, गश्त को मजबूत बनाए जाने की मांगें भी चोरियों के खुलासे के साथ सामने आई

लाडनूं (kalamkala.in)। क्षेत्र में लगातार है रही चोरियों और उनका खुलासा करते हुए चोरों का पता लगा कर पकड़ कर उनसे चोरी का पूरा माल बरामद करने की मांगों को लेकर लाडनूं में उपखंड कार्यालय के सामने लगातार 15वें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। धरनार्थियों ने तय किया है कि अगर पुलिस ने अब भी चोरियों का खुलासा नहीं किया, तो अब बाजार बंद करवाए जाएंगे और सड़कों पर चक्का जाम किया जाएगा। धरनार्थियों ने सोमवार को भी खूब नारेबाजी की और चोरियों को नहीं खोलने के लिए पुलिस-प्रशासन के प्रति विरोध जताया गया।
चोरी के सभी प्रकरणों की जांच एसओजी के अधिकारियों से करवाई जाए
धरनार्थियों का कहना है कि 31 अगस्त की रात्रि को लाडनूं के ग्राम हीरावती में हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी की तीन वारदातों को 23 दिन से अधिक बीत जाने के बाद भी चोरियों का खुलासा व सोना-चांदी के आभूषणों और नकद राशि की बरामदगी नही की जा सकी है। इनके अलावा भी लाडनूं के विभिन्न गांवों में हुई सैकड़ों चोरियों का खुलासा आज तक स्थानीय पुलिस द्वारा नहीं किया जा सका है। इसी कारण स्थानीय पुलिस के प्रति लाडनूं उपखण्ड की जनता में भारी रोष व आक्रोश व्याप्त है। ग्राम हिरावती व आस पास के क्षेत्र में हुई चोरियों के प्रकरण में स्थानीय पुलिस की नाकामी के चलते चोरी के प्रकरणों की जांच एस.ओ.जी के उच्च अधिकारियों से करवाई जाने की मांग की जा रही है।
लाडनूं पुलिस थाने को पूरा ही बदले जाने की मांग
धरनार्थियों का आरोप है कि लाडनूं पुलिस थाने में लम्बे समय भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले अधिकारी कार्यरत हैं, जिनकी आपसी मिलीभगत होने के कारण ही क्षेत्र में लगातार चोरियों की घटनाएं बढ रही हैं। इसलिए थानाधिकारी सहित सम्पूर्ण पुलिस थाना के स्टाफ को तुरन्त प्रभाव से स्थानान्तरण किया जाये एवं लाडनू़ं थाना अधिकारी द्वारा चोरियों के मामलों में लापरवाही बरती गई है, इसलिए थानाधिकारी पर विभागीय व कानूनी कार्यवाही की जावे एवं इनके स्थान पर किसी काबिल एवं जिम्मेदार ईमानदार अधिकारी सहित अन्य स्टाफकर्मी लगाये जावें, जिससे जनता को न्याय और सुरक्षा मिले। साथ ही चोरियों पर अंकुश लगाने हेतु क्षेत्र में व्यापक गश्त बढाई जाये एवं बीट प्रभारियों को सुरक्षा के प्रति सजग किया जावे।
24 सितम्बर से बड़े आंदोलन की चेतावनी, चक्काजाम व बाजार बंद भी होंगे
धरनार्थियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं के बढने से क्षेत्रवासियों में भय व आक्रोश है, जिसके चलते 24 सितम्बर को सभी धरनार्थियों द्वारा बाजार बन्द, चक्काजाम व उग्र आन्दोलन किया जायेगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी।धरनार्थियों ने बताया कि उपखण्ड मुख्यालय के सामने लगातार क्षेत्रवासियों द्वारा दिये जा रहे उनके धरने को विभिन्न संगठनों और सभी राजनैतिक दलों द्वारा सहयोग व समर्थन दिया है। किसी प्रकार की सुनवाई नहीं होने के कारण जनता पुलिस और प्रशासन के प्रति भारी गुस्से में है। इसी कारण 24 सितम्बर को लाडनूं उपखण्ड स्तर महा जनांदोलन किया जायेगा।
ये सब बैठे धरने पर
धरने पर सोमवार को बैठने वालों में किशनलाल डूडी, गणेश चबराल, एडवोकेट हरीश मेहरड़ा, एडवोकेट गोरधनसिंह डाबड़ी, महिराम जाट, रामरखा राम लुकास, मदनलाल बेरा, सुखाराम गोदारा, देवाराम भादू निंबीजोधा, चुनाराम डूडी, रेवतसिंह नरूका, भंवराराम भारी, नाथूराम प्रजापत, विकास बुरड़क, ईश्वरसिंह हीरावती, प्रेमसिंह हीरावती, गिरधारीराम सुनारी, चंदन डूडी, राजेन्द्र स्वामी, अयूब खान मोयल, मोहनलाल ज्याणी, भंवरलाल, रामूराम आदि उपस्थित थे।






